Traffic Rules: सड़क पर गाड़ी चलाते समय न करें ये भूल, वरना जब्त हो जाएगा ड्राइविंग लाइसेंस
सड़क पर वाहन चलाते समय कुछ बातों का खास ध्यान रखना होता है। अगर सड़क यातायात के नियमों का उल्लंघन किया तो ट्रैफिक पुलिस भारी जुर्माने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त कर सकती है। आगे जानिए क्या है इसकी डिटेल।
विस्तार
देश में कुछ समय पहले ही सड़क नियमों में सख्ती की गई है। हर साल सैकड़ों लोग सड़क हादसों में अपनी जान खो देते हैं। ऐसे में सड़क यातायात के सभी नियमों का सही ढंग से पालन करना चाहिए। वहीं, अगर कोई वाहन चालक यातायात नियमों का उचित पालन नहीं करता है तो फिर उसका ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया जा सकता है। वाहन चलाने वाले काफी लोगों को यातायात नियमों की सही जानकारी नहीं होती है, ऐसे में आगे जानिए किन गलतियों पर ड्राइविंग लाइसेंस जब्त हो जाता है।
धीमी रखें वाहन की गति
सड़क यातायात नियमों के अनुसार, अगर किसी सड़क पर स्कूल या अस्पताल है तो वहां पर वाहन की गति धीमी करनी होती है, ताकि किसी तरह का कोई हादसा न हो। स्कूल या अस्पताल वाले रास्ते पर वाहनों की गति सीमित होती है, ऐसे में अगर कोई वाहन चालक तेज रफ्तार के साथ गाड़ी चलाता है तो ट्रैफिक पुलिस उस पर भारी जुर्माने लगा सकती है। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया जा सकता है।
फोन का इस्तेमाल
सड़क पर वाहन चलाते वक्त किसी भी तरह से फोन का इस्तेमाल करना गलत है। मोटर वाहन नियमों के मुताबिक, वाहन चालक सड़क के साइड में गाड़ी रोककर फोन का यूज कर सकते हैं। मगर वाहन चलाते वक्त अगर किसी भी तरह से मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया तो ट्रैफिक पुलिस ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर सकती है।
जेब्रा क्रॉसिंग से आगे जाना
मोटर वाहन नियमों के अनुसार, सड़क पर पैदल चलने वालों के लिए भी कानून बनाए गए हैं। जी हां, सड़क पर लोगों के लिए जेब्रा क्रॉसिंग बनाई गई है। मगर कई वाहन चालक अपनी गाड़ी को जेब्रा क्रॉसिंग के आगे लेकर चले जाते हैं। अगर आप भी इस तरह की गलती करते हैं तो इसमें सुधार करें। मोटर वाहन नियमों में बताया गया है कि सड़क पर वाहनों को जेब्रा क्रॉसिंग से पहले से रोकना अनिवार्य है। कानून का उल्लंघन करने पर जुर्माने के साथ ट्रैफिक पुलिस आपका ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर सकती है।
तेज आवाज में म्यूजिक
सड़क यातायात नियमों के अनुसार, अगर सड़क पर वाहन के अंदर तेज आवाज में गाने चलाए जाते हैं तो यह भी नियमों का उल्लंघन है, क्योंकि सड़क पर तेज आवाज म्यूजिक की वजह से अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटक सकता है। इस वजह से कई बार बड़े हादसे हो जाते हैं। यही वजह है कि इस तरह की गलती करने पर ट्रैफिक पुलिस जुर्माने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त कर सकती है।