Hyundai और Kia मिल कर बनाएंगी Apple की इलेक्ट्रिक कार, मात्र पांच मिनट की चार्जिंग में चलेगी 100 किमी
ह्यूंदै के E-GMP पर बनने वाली बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल की फुल बैटरी चार्जिंग पर अधिकतम रेंज 500 किमी होगी, हाई स्पीड चार्जर के जरिए यह 18 मिनट में 80 फीसदी तक चार्ज हो सकती है...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
2021 की शुरुआत में खबरें आई थीं कि एपल अपनी इलेक्ट्रिक कार लाने की तैयारी कर रही है। अपनी नई इलेक्ट्रिक कार के लिए एपल ह्यूंदै मोटर से साझेदारी करने जा रही है। वहीं अब ये खबर लगभग पुख्ता हो चुकी है कि एपल की इलेक्ट्रिक कार को ह्यूंदै मोटर बनाएगी।
2027 में सेल्फ ड्राइविंग इलेक्ट्रिक कार
यह खबर आने के बाद ह्यूंदै के शेयरों में 20 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। एक रिपोर्ट में ह्यूंदै की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि एपल के साथ बातचीत शुरुआती अवस्था में है, वहीं दूसरी मीडिया संस्थान की रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों कंपनियां 2027 में सेल्फ ड्राइविंग इलेक्ट्रिक कार लॉन्च करेंगी।
वहीं एपल इनसाइडर की रिपोर्ट में टीएफ सिक्योरिटीज के एनालिस्ट मिंग-ची कुओ का हवाला देते हुए पुष्टि की है कि एपल शुरुआती मॉडल के लिए ह्यूंदै के साथ मिल कर काम करेगी, जिसके बाद कंपनी जनरल मोटर्स और यूरोपियन कार निर्माता कंपनी पीएसए के साथ मिल कर नई कारों का निर्माण करेगी।
किआ जॉर्जिया में प्लांट लगाएगी
कुओ के मुताबिक पहली एपल कार ह्यूंदै के E-GMP इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लेटफार्म पर बनाई जाएगी। वहीं ह्यूंदै मोबिस इस कार के कंपोनेंट डिजाइन और प्रोडक्शन करेगी। वहीं ह्यूंदै की सब्सिडियरी कंपनी किआ मोटर्स एपल कार का यूएस में उत्पादन करेगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक एपल और किआ ने 3.5 बिलियन डॉलर की एक डील की है, जिसके तहत किआ जॉर्जिया में प्लांट लगाएगी, जहां 2024 से हर साल एक लाख एपल कारों का उत्पादन किया जाएगा, जिसे बाद में बढ़ा कर चार लाख तक किया जाएगा।
ह्यूंदै E-GMP प्लेटफार्म को पिछले साल दिसंबर में पेश किया गया था और कंपनी ने एलान किया था कि वह इस पर नई पीढ़ी की BEV (बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल) मॉडल बनाएगी। 2021 से ह्यूंदै E-GMP पर कंपनी की Ioniq 5 के अलावा किआ मोटर्स की नई बैटरी इलेक्ट्रिक कार भी बनाई जाएगी, जिसे इसी साल ही पेश किया जाना है।
अधिकतम रेंज 500 किमी
ह्यूंदै के E-GMP पर बनने वाली बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल की फुल बैटरी चार्जिंग पर अधिकतम रेंज 500 किमी होगी। वहीं इसकी चार्जिंग कैपेसिटी भी जबरदस्त होगी। दावा किया जा रहा है कि हाई स्पीड चार्जर के जरिए यह 18 मिनट में 80 फीसदी तक चार्ज हो सकती है और मात्र पांच मिनट में चार्जिंग में 100 किमी की रेंज दे सकती है।
कुओ के मुताबिक एपल अपनी नई कार को लेकर काफी सीरियस है और इस समय तीन ऑटोकंपनियों ह्यूंदै ग्रुप, जनरल मोटर्स और पीएसए के साथ मिल कर काम कर रही है। इन कंपनियों के पास डेवलपमेंट, प्रोडक्शन और योग्यता का व्यापक अनुभव है, जिसका फायदा बेहद कम वक्त में एपल कार को बनाने में मिलेगा। कुओ को उम्मीद है कि एपल का कार बाजार में 2025 तक आ जाएगी।