टिहरी। टिहरी जनपद में छात्रसंघ चुनाव का दौर संपन्न हो गया है। बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल केमरा में अध्यक्ष पद पर NSUI की प्रियांशी तिवारी ने ABVP के सुजल को 62 मतों से हराकर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर NSUI और ABVP के बीच सीधी टक्कर देखने को मिली। महाविद्यालय में कुल 647 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें से 459 विद्यार्थियों ने मतदान किया। मतगणना में NSUI प्रत्याशी प्रियांशी तिवारी को 237 मत, जबकि ABVP के सुजल को 175 मत मिले। वहीं 47 मत निरस्त किए गए। चुनाव में NSUI का प्रदर्शन पहले से ही मजबूत रहा। अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य छह पदों पर NSUI के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। ऐसे में अध्यक्ष पद का मुकाबला खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा था। मतदान के बाद हुई मतगणना में प्रियांशी तिवारी ने 62 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर NSUI के पक्ष में छात्रसंघ की कमान हासिल कर ली। प्रियांशी तिवारी की जीत के बाद NSUI समर्थकों में उत्साह का माहौल है। समर्थकों ने जीत का जश्न मनाते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी। वहीं चुनाव परिणाम के साथ ही महाविद्यालय में नई छात्रसंघ कार्यकारिणी के गठन का रास्ता साफ हो गया है।