रुद्रप्रयाग। नशे के खिलाफ जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में नशामुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूर्ण होने पर बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि अभियान के तहत जिले के शैक्षणिक एवं उच्च शिक्षण संस्थानों, निजी शिक्षण संस्थानों, ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सामूहिक शपथ के साथ ऑनलाइन शपथ कार्यक्रम भी कराया जाएगा। अभियान के तहत जिले की कुल आबादी के कम से कम 10 प्रतिशत लोगों को ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने विभागों से जुड़े कार्मिकों, लाभार्थियों और जनप्रतिनिधियों को भी शपथ दिलाने के निर्देश दिए।