रुड़की मेन बाजार में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई की। टीम के बाजार पहुंचते ही कई दुकानदारों में हलचल मच गई। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानों के शटर बंद हो गए। विभागीय टीम ने बाजार और आसपास की दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जरूरी दस्तावेजों की जांच की। मौके पर सात दुकानों को चेक किया गया। जहां दो दुकानों का रजिस्ट्रेशन लाइसेंस नहीं मिला। तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे के अनुसार, अभियान के दौरान मेन बाजार की सात दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में दो दुकानों पर खाद्य पदार्थों के विक्रय के लिए जरूरी पंजीकरण अथवा लाइसेंस नहीं मिला है। इस पर दोनों दुकानदारों को मौके पर नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा जिन दुकानों पर साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव अथवा अन्य व्यवस्थाओं में कमियां मिली, उन्हें भी सुधार के लिए नोटिस दिए हैं। टीम ने मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने भी लिए। इनमें बेसन के लड्डू, चॉकलेट मिठाई और चॉकलेट टॉफी के नमूने शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की बिक्री के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य लाइसेंस व पंजीकरण संबंधी दस्तावेज पूरे रखने के निर्देश दिए हैं।