पिथौरागढ़। मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित बेस अस्पताल में आउटसोर्स पर तैनात नर्सिंग अधिकारियों ने समान वेतन, नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त करने की मांग पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द समस्याओं का समाधान न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। बेस अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि पिछले सात सालों से अब तब वेतन में एक रुपये की भी वृद्धि नहीं की गई है। महंगाई के इस दौर में उनके लिए बेहद कम मानदेय पर घर चलाना मुश्किल हो रहा है। कंपनी की तरफ से बोनस, टीए-डीए, एचआरए, ग्रेजुएटी तो काटी जाती है लेकिन भुगतान नहीं किया जाता है। सभी ने जल्द इन समस्याओं के समाधान की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे। प्रदर्शन करने वालों में राकेश धोनी, निर्मला नेगी, दीपक टम्टा, हिमांशु जोशी, चेतन पंत, कविता भंडारी, किरन, नेहा आदि मौजूद रहे।