पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट में कांग्रेस ने अंकिता हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा करने और कोर्ट की निगरानी में मामले की सीबीआई जांच करने की मांग पर नगर में जुलूस निकालते हुए प्रदर्शन किया। जुलूस में शामिल होने उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, धारचूला के विधायक हरीश धामी सहित कई नेता पहुंचे। उपनेता प्रतिपक्ष और खटीमा के विधायक भुवन कापड़ी और धारचूला के विधायक हरीश धामी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर के डाकघर चौराहे से तहसील कार्यालय तक सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। गांधी चौक में आयोजित सभा में खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा के शासन में प्रदेश में अपराध बढ़ गए हैं। अंकिता हत्याकांड में एक वीआईपी को बचाने के लिए पूरी सरकार लगी है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक धामी ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में मामले की सीबीआई जांच कराने और वीआईपी के नाम का खुलासा करने की मांग की। पार्टी नेता मनोज ओझा ने कहा कि सरकार ने कांग्रेस और जनता के दबाव में आकर सीबीआई जांच की संस्तुति दी है। असल दोषियों की पहचान के लिए सिटिंग जज की निगरानी में जांच जरूरी है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम खुशबू पांडे के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। जुलूस में कांग्रेस प्रदेश महामंत्री आनंद रावत, जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, प्रदीप पाल, नगरपालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल, ब्लाॅक प्रमुख मुनस्यारी डॉ. कविता महर, ब्लाॅक अध्यक्ष विक्रम देउपा, कमलदीप, दिवाकर पांगती, मोहन राम, चंचल बोरा, ललित भंडारी, हेम पंत, कविंद्र शाही, जगत महर, भूपेंद्र थापा, प्रेमा कुटियाल, पुष्पा देउपा आदि मौजूद रहे।