पिथौरागढ़ के धारी, डुंगरी और पाभैं की सस्ता गल्ला दुकानों में ही नहीं कीड़े युक्त सड़ा चावल जिले के मुख्य गोदाम में भी मिला है। मुख्य गोदाम में भी बोरियों से बाहर कीड़े निकल रहे हैं। डीएम आशीष भटगांई ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सभी तहसीलों के गोदामों और सस्ता गल्ला की दुकानों में जांच होगी इसकी जिम्मेदारी सभी एसडीएम को दी गई है। धारी, डुंगरी और पाभैं में सस्ता गल्ला की दुकानों में कीड़े युक्त सड़ा चावल मिलने का मामला बीते शुक्रवार सार्वजनिक हुआ था। इस मामले को संवाद न्यूज एजेंसी ने शनिवार के अंक में उपभोक्ताओं को बांटने के लिए भेज दिया कीड़े युक्त सड़ा चावल शीर्षक से प्रमुखता से उठाया था। संवाद न्यूज एजेंसी ने जब नगर के मुख्य गोदाम में मामले की पड़ताल की तो यहां भी बोरियों से कीड़े बाहर निकलते मिले। ऐसे में साफ है कि सिर्फ पाभैं, डुंगरी और धारी में ही नहीं बल्कि सस्ता गल्ला की अन्य दुकानों तक भी सड़ा चावल पहुंचा है। खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम ने मामले की जांच के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी सभी एसडीएम को दी है। अब सभी सस्ता गल्ला की दुकानों की जांच होगी और कहां-कहां सड़ा कीड़े युक्त चावल खपाया गया है इसका असल पता चलेगा। डीएम आशीष भटगांई ने इस लापरवाही में शामिल सभी जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात भी कही है।