हल्द्वानी के हीरानगर स्थित पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच में आयोजित उत्तरायणी महोत्सव का रंगारंग कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन लोकगायिका बबीता देवी ने क्ये भालो लगे सो मेरे पहाड़ा..., के बोल सुनकर दर्शक गुनगुनाने के लिए मजबूर हो गए। गायक रोशन बनोला ने भी जय माता जय नंदा अल्मोड़ा की नंदा मां... और ऐजा मेरा दानपुरा... के बोलों पर लोगों का खूब मनोरंजन किया। बृहस्पतिवार को मेले में आयोजित विभिन्न खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया साथ ही शोभायात्रा में निकाली गई आकर्षक झांकियों को भी विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पहाड़ी संस्कृति का ध्वज वाहक बताया। अध्यक्ष खड़क सिंह बगड़वाल, वहां संरक्षक हुकम सिंह कुंवर, सचिव देवेंद्र तोलिया और कोषाध्यक्ष त्रिलोक बनोली, पार्षद मनोज जोशी, शैलेंद्र दानू, पंकज सुयाल, नीरज बगड़वाल आदि थे।