फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भजनों की रसधार में डूबे श्याम भक्त, मध्यरात्रि केक काटकर मनाया बाबा का जन्मोत्सव

श्री श्याम मित्र मंडल समिति (रजि.) की ओर से शनिवार को गोविंद नगर स्थित दीपक वेडिंग प्वाइंट में श्री श्याम बाबा का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु श्याम भजनों की रसधार में डूबे रहे। मध्यरात्रि में केक काटकर बाबा का जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चार के साथ समिति के सदस्यों ने श्री श्याम प्रभु की ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बाबा का अलौकिक शृंगार किया गया और छप्पन भोग अर्पित किया गया। रुड़की से पहुंचे भजन गायक दिनेश बजरंगी ने भगवान शिव और गणेश के भजनों से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद 'श्याम घर आया जी, नैन भर आया जी', 'आओ जी आओ जी म्हारा श्याम', 'प्यारा सा मुखड़ा घुंघराले केश, कलयुग का राजा खाटू नरेश' और 'तेरा किसने किया शृंगार सांवरे' जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। रुद्रपुर से पहुंचे भजन गायक शुभम सक्सेना ने भी अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बना दिया। 'क्यूं पूछते हो श्याम मुझे क्या पसंद है, मेरी पसंद आपकी मुट्ठी में बंद है', 'हाथों में लेके निशान चला रे, मैं तो अपने बाबा के धाम चला रे' और 'आयो सांवलियो सरकार लीले पे चढ़ के' जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। उन्होंने भगवान गणेश की ओर से अपने माता-पिता भगवान शिव और माता पार्वती की परिक्रमा कर पूरे ब्रह्मांड की परिक्रमा का संदेश भी भजन के माध्यम से प्रस्तुत किया। माता-पिता के त्याग, समर्पण और सम्मान को समर्पित भजन ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। 'बच्चों की हर आशा और खुशियों का है इंतजार पिता, प्यार पिता का होता है गूंगा, दुनिया समझ न पाती है' जैसे बोलों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। भजन के दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। बाबा का भव्य शृंगार रुड़की की श्री सांवरिया शृंगार सेवा की ओर से किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें