करवाचौथ व दीपावली के लिए एपण कला से डिजाइन की गई सामग्री लोगों को खूब भा रही है। गोपेश्वर की ममता भट्ट अपने हुनर से साधारण सी वस्तुओं को खासा आकर्षक बना रही हैं। उनकी तैयार की गई सामग्री की मांग गोपेश्वर ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य जगह पर भी बढ़ती जा रही है। करवा चौथ पर बाजार में तरह-तरह की सामग्री उपलब्ध रहती है। वहीं गोपेश्वर की ममता भट्ट ने करवा चौथ को उत्तराखंड की संस्कृति से जोड़ते हुए नया प्रयोग किया है। वे करवा चौथ में उपयोग होने वाली सामग्री को एपण कला से तराशकर खासा आकर्षक बना रही हैं। उनके पास इस तरह की सामग्री की मांग भी बढ़ती जा रही है। अभी तक उन्होंने करवा चौथ के लिए तैयार किए गए करीब 25 सेट बेच दिए हैं। गोपेश्वर के पुलिस लाइन तिराह पर रहने वाली ममता भट्ट ने करीब दो साल पहले एपण से वस्तुओं को डिजाइन करना शुरू किया। ममता भट्ट ने बताया कि उन्होंने अपनी मां से इस कला को सीखा। पिछले कई सालों से वह इसे शौकिया तौर पर करती रही हैं, अब इसे व्यावसायिक उपयोग के लिए करना शुरू किया है। उनके साथ वर्तमान में करीब पांच महिलाएं भी जुड़ गई हैं, जो इस कला को न सिर्फ सीख रही हैं बल्कि कई आकर्षक वस्तुओं को तैयार भी कर रही हैं।