आदिबदरी तहसील के कंड और बूंगा गांव में भालुओं की धमक से दहशत है। बूंगा प्राथमिक स्कूल के पास भालुओं के डेरा जमाने से बच्चों के लिए खतरा पैदा हो गया है। कंड गांव के मनोज नेगी ने बताया कि गत वर्ष जून में भी एक भालू ने घरों की छतें उधेड़ दी थीं। अब दो दिन से दो भालू कंड और बूंगा गांव का चक्कर लगा रहे हैं। गांव के त्रिलोक सिंह के अनुसार, इन भालुओं ने बूंगा प्राथमिक स्कूल के पास मंगरा गाड़ नामक गुफा में डेरा जमाया है। स्कूल का रास्ता इसी गुफा के पास से गुजरता है, जिससे बच्चों को खतरा है। बूंगा गांव के प्रधान नरेंद्र बिष्ट ने जंगलात विभाग से शीघ्र भालुओं से निजात दिलाने की मांग की।