अल्मोड़ा जिले के भैरव मंदिर के पास स्थित नगर निगम के कांप्लेक्स की पार्किंग में लंबे समय से खड़ी दो कारों में आग लग गई। एक ऑल्टो कार जलकर राख हो गई है और स्विफ्ट कार को भी नुकसान पहुंचा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अराजकन तत्वों ने कार को आग लगाई होगी। बुधवार देर शाम नगर निगम के कांप्लेक्स में स्थित पार्किंग में खड़ी दो कारों में आग लग गई। सूचना पाते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। करीब पौन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, इस कारण आग के कारणों का पता नहीं लग पा रहा है। पार्किंग में लगे फायर एक्सटिंग्यूशर भी खराब चल रहे थे। जिस कारण आग को बुझाने में देरी हुई। किसी तरह फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझी तब तक ऑल्टो कार जलकर खाक हो गई थी। कोतवाल योगेश उपाध्याय ने बताया कि दोनों कारें लंबे समय से कांप्लेक्स की पार्किंग में खड़ी थीं। उन्होंने बताया कि कांप्लेक्स की पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से अभी तक आग के कारणों का पता नहीं लग पाया है। उन्होंने पता कि स्विफ्ट कार का नंबर यूके01ए 4900 है। पूरी तरह जल चुकी ऑल्टो कार का नंबर पता नहीं लग पाया है।