श्रमिकों और आउटसोर्स कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत बुधवार को विकास भवन स्थित पंचायत रिसोर्स सेंटर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिकों और आउटसोर्स कर्मियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। इस दौरान सफाई कर्मियों को टूल किट और निर्माण श्रमिकों को डेमो चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचाना प्राथमिकता है। आउटसोर्स कर्मियों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में भेजने के साथ ईपीएफ और ईएसआई का अंशदान नियमित रूप से जमा कराया जाएगा। एजेंसी सर्विस चार्ज के नाम पर अनावश्यक कटौती नहीं करेगी। मातृत्व अवकाश समेत सभी वैधानिक सेवा लाभ नियमानुसार उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम और बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से कर्मियों व उनके परिवारों को दुर्घटना बीमा सहित विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार उनके सम्मान, अधिकार और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट शुरू होने से कर्मियों को भर्ती से लेकर वेतन और सेवा संबंधी मामलों में पारदर्शिता मिलेगी।कार्यक्रम में सीडीओ जागृति अवस्थी, राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी, एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, एसडीएम मुख्यालय आकांक्षा गौतम आदि मौजूद रहे।