महापर्व डाला छठ पर काशी के गंगा घाटों से लेकर कुंडों, तालाबों और सरोवरों तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान काशी का माहौल मिनी बिहार जैसा नजर आ रहा है। रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार भोर में उदीयमान सूर्य की आराधना के लिए हजारों व्रती परिवार घाटों पर पहुंचने लगे। अस्सी, सामने घाट, भदैनी, तुलसी घाट, दशाश्वमेध, शीतला घाट, राजघाट और नमो घाट समेत गंगा के 84 घाटों पर तैयारियां की गई हैं। बरेका स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी व्रती अर्घ्य दिया जाएगा।