रविवार को नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने सामने घाट पर गंगा तट की सफाई कर मां गंगा की आरती उतारी और जलस्तर घटने की गुहार लगाई ।स्वयंसेवकों ने स्वच्छता का संकल्प लेते हुए लोगों को गंगा स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया तथा गंगा तट पर सफाई अभियान चलाया। राष्ट्रध्वज, स्वच्छता स्लोगन लिखी तख्तियां और कपड़े से बने झोले लेकर पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान गंगा के जलस्तर में कमी आने तथा तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का संकट टलने की प्रार्थना की गई। आरती उतारकर मां गंगा से गुहार लगाई कि जलस्तर शीघ्र कम हो, बाढ़ का संकट पूरी तरह टल जाए और सभी तटवर्ती क्षेत्रों के लोग सुरक्षित रहें। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा सेवकों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा से जलस्तर कम होने और जनजीवन सामान्य करने की गुहार लगाई है। 'सबका साथ हो - गंगा साफ हो' इस संदेश के साथ गंगा घाटों की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखने के लिए हम सबको मिलकर स्वच्छता अपनानी चाहिए। आयोजन में सुभाष श्रीवास्तव, लल्लन सिंह, गुड्डू महाराज, शशिकांत पाण्डेय, प्रमोद कुमार पाण्डेय , किरण पाण्डेय, राजकपूर सिंह, कृष्णानंद, आशीष कुमार राय, केदारनाथ त्रिपाठी, विनोद सिंह, राम सिंह आदि उपस्थित रहे ।