अनपरा थानाक्षेत्र के रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग के दुल्लापाथर में बुधवार को कैंपर और ट्रेलर की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन से चालक को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया। रेणुसागर मोड़ निवासी विकास सोनी (35) क्षेत्र के निजी कंपनी में कैंपर चलाता है। बुधवार की शाम औड़ीमोड़ से सिंगरौली की ओर वह कंपनी के काम से जा रहा था। दुल्लापाथर के शिवा फिलिंग स्टेशन के मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही ट्रेलर में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि कैंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक विकास को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और एंबुलेन्स की मदद से डिबुलगंज स्थित संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। मरीज के अस्पताल पहुंचते ही अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। एसओ राजेश जी चौबे ने बताया कि क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर आवागमन बहाल करा दिया गया है।