दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मलदेवा गांव स्थित लवकुश पार्क के चेकडैम में बुधवार को डूबने से कक्षा-9 के छात्र चमन (16) की मौत हो गई। वह कुछ लड़कों के साथ चेकडैम में नहा रहा था। पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मलदेवा निवासी फिरोज अहमद कादरी का पुत्र चमन बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक उसने जीआईसी कॉलेज के छात्रों की टीसीडी मैदान में आयोजित खेल प्रतियोगिता देखने जाने की बात कही थी। बताया जाता है कि वह चार-पांच साथियों के साथ खेल मैदान जाने के बजाय पास स्थित लवकुश पार्क के चेकडैम में नहाने चला गया।