पुरानी पेंशन बहाली समेत बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की 12 लंबित मांगों को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने अपनी समस्याओं के निराकरण की आवाज उठाई। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। जिलाध्यक्ष रवींद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने के साथ ही एक अप्रैल 2005 से पहले चयनित, लेकिन बाद में नियुक्त शिक्षकों को भी माध्यमिक शिक्षकों की तरह पुरानी पेंशन का लाभ देने की मांग की जा रही है। सेवा में बने रहने के लिए पूर्वगामी प्रभाव से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को समाप्त करते हुए कानून बनाया जाए। शैक्षिक प्रमाणपत्रों की एसटीएफ से जांच कराने के आदेश को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई।