सीतापुर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से तीन दिवसीय सारस मेले का आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को नगर विकास मंत्री राकेश राठौर गुरु ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों और स्थानीय हस्तशिल्प को प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए सजाया गया है। मेले में टेडी बेयर, गोबर से बने सजावटी सामान, विभिन्न प्रकार के अचार, मसाले और हस्तशिल्प के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। दीपावली के मद्देनजर स्टॉलों पर सजावटी और घरेलू उपयोग के सामान की अच्छी रौनक देखने को मिल रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंच रहे लोग अपनी पसंद के उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं। सारस मेले के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का मंच मिल रहा है। वहीं, स्थानीय स्तर पर तैयार सामान को बाजार उपलब्ध होने से ग्रामीण महिलाओं की आजीविका और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।