श्रावस्ती: हरदत्तनगर गिरंट क्षेत्र के मनवरिया भोजा निवासी हियात अली ने रास्ते के विवाद में महिला पर उनके 10 वर्षीय बेटे की पिटाई का आरोप लगाया है। साथ ही हरदत्तनगर गिरंट थाना प्रभारी पर नाबालिग बताकर प्राथमिकी दर्ज न करने व उन्हें भगाने का गंभीर आरोप लगाया है। मनवरिया भोजा निवासी हियात अली ने बताया कि उनके घर आने-जाने का रास्ता सौखत के घर के सामने से होकर जाता है। आरोप है कि इसी रास्ते से आने-जाने को लेकर दूसरे पक्ष के लोग अक्सर रोक-टोक करते हैं। हियात ने बताया कि रविवार की शाम लगभग सात बजे उनका 10 वर्षीय बेटा वसीम उक्त रास्ते से जा रहा था। इस दौरान सौफूला पत्नी सौखत ने बच्चे को गाली देना शुरू कर दिया। विरोध पर ईंट व डंडा मारकर उसे घायल कर दिया। हमले में उनके बेटे के सिर व शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट आई है। इस संबंध में उन्होंने थाने में तहरीर दी थी लेकिन थाना प्रभारी महिमानाथ उपाध्याय यह कहकर उन्हें भगा दिया कि हमला करने वाला नाबालिग है। हियात ने आरोप लगाया कि हमला करने वाला सैफुला बालिग है लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है।