हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश के आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग के शूटर योगेश टूंडा और दीपक डबास सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कैराना कोर्ट में पेश हुए। दोनों को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर तिहाड़ जेल से बंदी रक्षक वाहन में कैराना लाया गया। फर्जी एनकाउंटर की आशंका जताते हुए दोनों ने अदालत से पेशी के दौरान बुलेट प्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनाने की मांग की थी। इसी आदेश के तहत दोनों को सुरक्षा के साथ कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान दिल्ली, शामली और कैराना पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे और पेशी की वीडियोग्राफी भी कराई गई। अदालत में प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस दोनों को वापस तिहाड़ जेल ले गई। अंकित बालियान की 26 अगस्त को शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में योगेश टूंडा, दीपक डबास समेत कई लोगों को साजिश का आरोपी बनाया है।