शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र में कई दिन की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया है, लेकिन गोमती नदी में बारिश का पानी आने से खुटार और पुवायां क्षेत्र में नदी के आसपास फसलें डूब गई हैं। नदी में तीन दिन से जलस्तर बढ़ रहा था। शुक्रवार को खुटार पुवायां मार्ग पर गुटैया घाट के पास नदी के उत्तर की ओर से एक किमी तक पानी भरने से धान, गन्ना सहित अन्य फसल डूब गई हैं। किसानों ने बताया कि गन्ने में ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन पानी ज्यादा दिन तक रुका तो धान की फसल खराब हो सकती है। नदी किनारे बने अंत्येष्टि स्थल जाने वाले रास्ते पर कई फिट पानी भर गया है। नदी के दक्षिणी ओर ऊंचाई ज्यादा होने से फसलों को कम नुकसान हुआ है। बंडा से लेकर लखीमपुर जनपद की सीमा तक फसलें डूबने से किसान परेशाान हैं। किसानों ने नुकसान की आकलन कराने की मांग की है।