शाहजहांपुर में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए तिलहर ब्लॉक में 19 नवंबर से सात दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों को उनकी आयु और लंबाई के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा खिलाएंगे। अभियान के सफल संचालन को लेकर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को तिलहर तहसील सभागार में बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। शेष पात्र लोगों को दवा का सेवन कराया जाएगा। डीएम ने ग्राम प्रधानों, कोटेदारों और लेखपालों को गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को दवा खाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रांतियों और जानकारी के अभाव में लोग दवा खाने से मना करते हैं। ऐसे लोगों को दवा के फायदे बताकर उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए। दवा खाने से इनकार करने वाले व्यक्तियों, परिवारों और समूहों की सूची तैयार कर उन्हें अलग से प्रेरित करने की व्यवस्था की जाए। अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए एसडीएम तिलहर को दो बार मध्यावधि समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ, जिला मलेरिया अधिकारी, बीडीओ, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी सहित ग्राम प्रधान, कोटेदार, लेखपाल और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।