शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग की ओर से आयोजित अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट में फरीद क्रिकेट अकादमी ने इलाइट क्रिकेट अकादमी को आठ रन से पराजित कर दिया। फरीद अकादमी की जीत में अनूप वर्मा की शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजों के प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। जीएफ कॉलेज मैदान पर खेले गए 20 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए फरीद क्रिकेट अकादमी की टीम 19.5 ओवर में 106 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए अनूप वर्मा ने 55 रन की शानदार पारी खेली। इलाइट अकादमी की ओर से सिद्धार्थ ने तीन और अरनव श्रीवास्तव ने चार विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलाइट क्रिकेट अकादमी की टीम 98 रन पर सिमट गई। पवन यादव ने 24 और अमित यादव ने 23 रन बनाए। फरीद अकादमी के सर्वज्ञ वर्मा, प्रतीक राना और सत्यम यादव ने दो-दो विकेट लिए। अनूप वर्मा, मोहम्मद फखरुद्दीन और अलफिशा अंसारी को एक-एक विकेट मिला। आयोजक मयूर खन्ना और वरिष्ठ खिलाड़ी नईम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।