शाहजहांपुर में अमर उजाला फाउंडेशन से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 में कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साह दिखाया। पंजीकृत 706 परीक्षार्थियों में 402 ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिसमें 304 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। पूर्वाह्न 11 से दोपहर 12:30 बजे तक चली परीक्षा में शाहजहांपुर समेत पीलीभीत, लखीमपुर आदि के परीक्षार्थी भी शामिल हुए। सीसी कैमरों की निगरानी में परीक्षा प्रभारी डॉ.अरशद और डॉ.शमशुल खान और डॉ.गुलाम अशरफ कादरी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया। छात्रा श्रेया ने बताया कि परीक्षा को लेकर काफी तैयारी की थी। प्रश्न पत्र भी काफी आसान आया था। इसलिए उत्तीर्ण होने को लेकर आश्वस्त हैं। छात्र रेहान ने बताया कि परीक्षा देने से अपनी परख होती है। भविष्य में प्रतियोगी परीक्षा देना है। उसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। परीक्षा देकर एक नया अनुभव प्राप्त हुआ है। शिल्पी ने कहा कि प्रश्न पत्र में सामान्य ज्ञान समेत विभिन्न प्रश्नों को पूछा गया था। अधिकतर पाठ्यक्रम से आधारित प्रश्न ही आए थे। हमारे काफी अच्छे नंबर आएंगे। हमने काफी तैयारी भी की थी।