संतकबीरनगर जिले के 1,246 परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षाएं 21 नवंबर तक दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा हुई, जबकि कक्षा दो से आठ तक लिखित और मौखिक दोनों परीक्षाएं कराई गईं। जिले में करीब 1.03 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। मंगलवार को पहली पाली में अलग-अलग कक्षाओं के लिए गणित, हिंदी और विज्ञान की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पाली में संस्कृत और उर्दू की परीक्षा कराई गई।