राशन की दुकानों पर खाद्यान्न लेने पहुंचने वाले लाभार्थियों को अब इंतजार के दौरान बैठने की सुविधा मिलेगी। दुकानों पर कुर्सी के साथ ठंडे पानी और गुड़-पेठा की व्यवस्था भी कराई जाएगी। यह घोषणा बुधवार को सुल्तानपुर पहुंचे प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में की। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 17 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है। राशन की दुकानों के संचालकों का लाभांश भी बढ़ाया गया है। सरकार का प्रयास है कि लाभार्थियों को राशन लेने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो और दुकानों पर बेहतर सुविधाएं मिलें। कार्यक्रम में मंत्री ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की भी घोषणा की। रक्षाबंधन पर सभी महिलाओं को प्रदेश में मुफ्त रोडवेज यात्रा की सुविधा मिलेगी। यात्रा के लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र मान्य होगा। कानून व्यवस्था को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अपराध कम हुआ है। बेहतर कानून व्यवस्था से रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिला है।