रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 9 लाख से अधिक किसानों को 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। यह राशि बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात से फसल क्षति के कारण प्रभावित किसानों को दी गई। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम से मुख्यमंत्री ने यह सौगात दी। इसी क्रम में रायबरेली में भी जनपद स्तरीय कार्यक्रम हुआ। यहां उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रायबरेली में 3,000 से अधिक किसानों को 70 लाख रुपये से अधिक की अनुदान राशि मिली। लाभार्थी किसानों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक संबल देना है। डीबीटी से राशि सीधे खातों में पहुंचती है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।