प्रेमिका से शादी की चाहत पूरी न होने पर रविवार को औरैया निवासी एक युवक रायबरेली में सरेनी के भोजपुर में रिलायंस टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया।मौके पर पहुंची भोजपुर चौकी पुलिस ने काफी देर तक समझा-बुझाकर उसे सकुशल नीचे उतार लिया। टावर पर चढ़े युवक की पहचान ओम सिंह (21) पुत्र शिवनारायण जाटव ग्राम खेतुपुर,थाना अजीतमल,जनपद औरैया के रूप में हुई।बताया गया कि ओम करीब तीन साल से जिम फिटनेस फास्ट कंपनी में काम करता था।वहीं सरेनी क्षेत्र के एक गांव की युवती भी काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया।बताया जाता है कि 22 अगस्त को युवती रक्षाबंधन पर घर आई थी।परिजनों को दोनों के रिश्ते की जानकारी होने पर उन्होंने युवती को वापस जाने से रोक दिया और शादी से भी इनकार कर दिया।इससे परेशान ओम शनिवार को घर से निकला और रविवार सुबह करीब आठ बजे भोजपुर पहुंचकर टावर पर चढ़ गया।काफी देर तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद भोजपुर चौकी प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस टीम के साथ युवक को समझाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। थाना प्रभारी सुधीर चंद्र पांडे ने बताया मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।