रायबरेली में यूपी पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान पीएसी ग्राउंड में अफरा-तफरी मच गई। धूप में दौड़ के कारण करीब 21 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। चक्कर और कमजोरी के चलते कई अभ्यर्थी मैदान में गिर पड़े। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्हें सुबह पांच बजे बुलाया गया था। दौड़ सुबह 5:30 बजे होनी थी, पर सर्वर की समस्या के चलते प्रक्रिया में देरी हुई। करीब 8:30 बजे तेज धूप में दौड़ कराई गई। इसी दौरान कई अभ्यर्थियों की हालत खराब हो गई।