फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीलीभीत: कलीनगर में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ आप का प्रदर्शन, तहसीलदार को दिया ज्ञापन

Sun, 27 Sep 2026 04:41 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

पीलीभीत के कलीनगर तहसील क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य अधिकार आंदोलन के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने सीएचसी माधोटांडा के पास प्रदर्शन कर डीएम और सीएमओ को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार वीरेंद्र सिंह को दिया। इसमें डॉक्टरों की नियुक्ति से लेकर एंबुलेंस, जांच सुविधाएं, आईसीयू और ब्लड स्टोरेज यूनिट शुरू करने समेत 10 मांगें उठाई गईं।

आप जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा के नेतृत्व और पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार भारती के संयोजन में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि कलीनगर तहसील के सैकड़ों गांव जिला मुख्यालय से करीब 30 से 50 किलोमीटर दूर हैं। जंगल और टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्र में वन्यजीव हमले, सड़क हादसे, प्रसव संबंधी आपात स्थिति और गंभीर बीमारियों के मामलों में समय पर उपचार मिलना जरूरी है। इसके लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों को संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों से मजबूत करने की मांग की गई। 

ज्ञापन में सीएचसी-पीएचसी में रिक्त डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, टेक्नीशियन और सफाईकर्मियों के पद भरने, सीएचसी माधोटांडा में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ईसीजी और पैथोलॉजी जांच की सुविधा शुरू करने की मांग की गई। कलीनगर-माधोटांडा क्षेत्र में दो एएलएस एंबुलेंस तैनात करने और जंगल से सटे स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई। 

ये मांगें उठाईं 
इसके अलावा गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू, वन्यजीवों व जहरीले जीवों के हमले में घायल लोगों के लिए एंटी-वेनम, वैक्सीन और जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, हादसों के मरीजों के लिए तत्काल उपचार और प्रभावी रेफरल व्यवस्था की मांग की गई। 

स्त्री रोग, हृदय, नेत्र, दंत, हड्डी और न्यूरो विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराने, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और ब्लड बैंक या ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित करने की मांग भी शामिल है।

आप जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से स्वास्थ्य अधिकार आंदोलन की शुरुआत की गई है। इस मौके पर विनोद कुमार भारती, संजय कुमार, रामशंकर दुबे, राघव गिहार, अभिषेक, पराग, रामसिंह, राजेश सिंह, श्रीपाल, नन्हे राणा आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें