मुजफ्फरनगर में गोरखपुर एक्सप्रेसवे के लिए चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का किसानों ने विरोध किया। मंगलवार को कचहरी परिसर में प्रदर्शन करते हुए किसानों ने सर्किल रेट पर जमीन देने से इनकार किया। किसानों का कहना है कि कृषि भूमि अधिग्रहित होने से वे बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने भूमि के बदले बाजार भाव का चार गुना मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। पानीपत-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के शामली-खेड़ी फेस-1 के लिए जिले में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मंगलवार को गांव झबरपुर, कुतुबपुर, पिलहेड़ा और भोजाहेड़ी के किसानों की करीब 100 आपत्तियों पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह के न्यायालय में सुनवाई हुई। सुनवाई से पहले किसानों ने न्यायालय के बाहर प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं।