मेरठ में आउटर रिंग रोड स्थित सिखेड़ा टोल प्लाजा पर करीब आधा दर्जन किसान और मजदूर संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता धरने पर बैठे। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष उमेश राणा के नेतृत्व में चल रहे धरने में मांग की गई कि आउटर रिंग रोड का निर्माण पूरा होने और किसानों को सर्विस रोड की सुविधा मिलने तक टोल चालू न किया जाए। अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज संगठनों ने दोपहर दो बजे तक वार्ता के लिए आने का अल्टीमेटम दिया। किसानों ने चेतावनी दी कि अधिकारी नहीं पहुंचे तो सभी संगठन एनएच-58 स्थित सिवाया टोल प्लाजा की ओर कूच कर वहां धरना देंगे। प्रदर्शन में भारतीय किसान संगठन (भानु), राष्ट्रीय मजदूर संगठन, किसान मजदूर संगठन (बीएम सिंह), भारत किसान यूनियन (सेवक) और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) सहित कई संगठनों के लोग शामिल रहे।