पल्लवपुरम फेज़ 2 में बने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से मंगलवार देर शाम क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ था, जिसमें कॉलोनी के रहने वाले कई लोग प्रभावित हुए और अस्पताल में भर्ती होने तक की नौबत आ गई। इस गैस लीक मामले के 24 घंटे बाद भी कॉलोनी में गैस का असर देखने को मिला। हवा में अभी भी क्लोरीन की महक से गले में खराश महसूस हो रही है। जबकि कई लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। यहां तक कि घरों में सूख रहे कपड़ों के रंग फीके पड़ गए और बर्तनों पर क्लोरीन जमने से वो काले पड़ने लगे। एसटीपी के ठीक सामने रहने वाले धनंजय सिंह ने बताया कि कल उनकी पत्नी प्रतिज्ञा और 8 साल की बेटी वैष्णवी की हालत ज़्यादा खराब हो गई थी, जिनको आइसीयू में भर्ती करना पड़ा और वो 24 घंटे बाद भी आइसीयू में ही हैं। धनंजय ने बताया कि डॉक्टर्स अभी कुछ समय और दोनों को आइसीयू में रखने की बात कर रहे हैं। जबकि इसके अलावा एसटीपी के आसपास रहने वाले कई लोग गैस लीक के डर से अपने घर वापस नहीं लौटे हैं। बुधवार को भी कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है।