मेरठ। हस्तिनापुर विकासखंड के गांव रठौरा खुर्द में जल निकासी के लिए बनाया गया अधूरा नाला किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। किसानों का आरोप है कि नाले का निर्माण बीच में रोक दिए जाने से बारिश का पानी उनके खेतों में भर रहा है। इससे गन्ने और धान की फसल खराब होने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। किसान प्रदीप बवेजा ने मामले की शिकायत एसडीएम से कर पानी की निकासी कराने और नाले का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। प्रदीप बवेजा ने बताया कि पिछले वर्ष गांव के मुख्य मार्गों पर जलभराव की समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत की ओर से मनरेगा के तहत पानी निकासी के लिए नाले का निर्माण शुरू कराया गया था। नाला गांव से होकर उनके खेत तक बना दिया गया, लेकिन इसके आगे निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया। किसानों का आरोप है कि कुछ किसानों के विरोध के कारण नाला निर्माण बीच में ही रोक दिया गया। आदित्य नारंग, अमित बजाज, सतीश बजाज, प्रदीप बवेजा और सतीश बत्रा आदि किसानों का कहना है कि नाला अधूरा होने के कारण बारिश का पानी उनके खेतों में जमा हो रहा है। जलभराव से गन्ने और धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने मांग की है कि गांव के पानी की निकासी के लिए नाले को आगे मौजूद नाले से जोड़ा जाए अथवा राजस्व अभिलेखों में दर्ज स्थान पर नाले का निर्माण कराया जाए। किसानों का यह भी आरोप है कि वर्तमान में बनाया गया नाला निर्धारित स्थान के बजाय अवैध रूप से बनाया गया है।