मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना के इस्लामाबाद मोहल्ले में सोमवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसकर दुल्हे का भाई महमूद (25), कामिल (23) और इरफान (20) की मौत हो गई। शादी समारोह के लिए मकान की छत पर टेंट लगाते समय लोहे की पाइप बिजली के तार में छू गई। जिससे तीनों के शरीर में करंट उतरने से हादसा हुआ। वहीं घर और आसपास के दो और घरों में करंट उतरने से दीवारें घनघनाने लगीं। मुहल्लेवासियों ने फोन करके बिजली सप्लाई बंद कराई। करंट की चपेट में आए लोगों के शरीर के जिन हिस्सों पर टेंट की पाइप पड़ी थी करीब 10 मिनट तक वो हिस्सा जलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पंचनामा बनाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।