मथुरा जिला अस्पताल में पिछले काफी समय से चली आ रही वार्डों में दुर्गंध की समस्या से जल्द ही मरीज और तीमारदारों को मुक्ति मिलेगी। कार्यवाहक सीएमएस ने सभी वार्डों में रूम फ्रेशनर लगाने के निर्देश दिए हैं। जिला अस्पताल के वार्डो में घुसते ही मरीज और उनके तीमारदारों को सबसे पहले यूरिन (पेशाब) की तेज दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। यहां भर्ती मरीज मुंह पर कपड़ा बांधकर अपना इलाज कराने को मजबूर है। साथ ही तीमारदारों को भी इसी तरह अपना समय गुजारना पड़ता है। कार्यवाहक सीएमएस डॉ. विकास मिश्रा ने चार्ज लेने के बाद जिला अस्पताल के तीनों वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने वार्ड में साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्गंध से मुक्ति के लिए वार्डों में रूम फ्रेशनर लगाने के निर्देश दिए हैं। सीएमएस ने अधीनस्थों को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सोमवार तक का समय दिया है।