कोसीकलांके ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव के दौरान शनिवार रात रामलीला मैदान में कुर्सी पर बैठने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले और कुर्सियां भी फेंकी गईं। करीब 15 से 20 मिनट तक चले हंगामे से मैदान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और रामलीला मंचन भी कुछ समय के लिए बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात रामलीला मैदान में सीता हरण लीला का मंचन चल रहा था। इसी दौरान कुर्सी पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे की ओर फेंकी जाने लगीं। मारपीट होता देख मैदान में मौजूद संभ्रांत लोगों और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों पक्षों को अलग-अलग कर स्थिति को संभाला। इसके बाद मामला शांत हो सका। हंगामे के दौरान कई कुर्सियां इधर-उधर हो गईं। बताया गया कि लीला मंचन के दौरान रामलीला मैदान में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी नहीं थी। पुलिस की गैरमौजूदगी में विवाद बढ़ने को लेकर लोगों में चर्चा रही। बाद में सूचना मिलने पर कोसीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे युवकों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद रामलीला कमेटी एवं दर्शकों ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की आवश्यकता जताई, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों के बीच इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।