मथुरा। रक्षाबंधन के त्योहार पर शुक्रवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी। सुबह सवेरे से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधने के लिए घरों से निकलीं। स्टेशन के प्रवेश द्वार से लेकर टिकट काउंटर, वेटिंग रूम और प्लेटफार्म तक बहनों की भीड़ नजर आई। ट्रेन के इंतजार में महिलाएं अपने सामान और राखी के साथ प्लेटफार्म पर बैठी दिखाई दीं। कई महिलाएं बच्चों के साथ सफर करती नजर आईं तो कुछ समूह बनाकर भाइयों के घर जाने के लिए रवाना हुईं। यात्रियों में ट्रेन के समय को लेकर उत्सुकता और त्योहार की खुशी दोनों दिखाई दी। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं। टिकट काउंटर, प्लेटफार्म और यात्रियों की सुविधा से जुड़े स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। रेलवे कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को ट्रेन और प्लेटफार्म से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है।