विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम सीपी सिंह ने बुधवार को कृषि मंडी समिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट के स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल और पोलिंग पार्टियों की रवानगी व वापसी की प्रस्तावित व्यवस्थाएं परखीं। वहीं मंडी परिसर में उपलब्ध भवनों, स्थान और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा के लिए बैरियर, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, प्रकाश, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सफाई, शौचालय, पार्किंग और वाहनों के आवागमन की व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से तैयारी पूरी करें। उन्होंने निरीक्षण में सामने आई कमियों को प्राथमिकता पर दूर करने के साथ नियमित परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान एडीएम वि. एवं राज. डॉ. पंकज कुमार वर्मा, डिप्टी कलेक्टर अखिलेश कुमार, एसडीएम सदर मोहित कुमार, एआरटीओ प्रशासन नीतू सिंह, मंडी सचिव रेनू वर्मा आदि मौजूद रहे।