मथुरा में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही मतदाता बूथों पर पहुंचने लगे। इस दौरान सभी बूथों पर बड़ी संख्या में शिक्षकों व स्नातकों ने पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। बता दें कि चुनाव से एक दिन पहले प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली थी। जिले में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के 17 हजार से अधिक मतदाता 35 केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चार घंटे के अंदर जिले में लगभग 18 फीसदी मतदान हुआ है। इधर, डीएम चंद्रप्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार ने कई बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं परखीं और अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए।