थाना अजनर के टिकरिया गांव में एसआई की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका का पति जनपद इटावा में एसआई के पद पर तैनात है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। जनपद फतेहपुर के मलिकपुर गांव निवासी योगेंद्र राजपूत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बेटी संगीता (25) की शादी थाना अजनर के टिकरिया निवासी अनोज राजपूत के साथ नौ जुलाई 2024 को की थी। शादी के साथ दस लाख रुपये नकद, एक प्लाट, आभूषण व दहेज का सामान दिया था। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में स्कॉर्पियो कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर संगीता को प्रताड़ित करने लगे। कई बार मारपीट की गई। यह बात उसकी बेटी ने फोन कर पिता को बताई। सात सितंबर को बेटी ने एक बार फिर फोन कर बताया कि ससुरालीजन उसे जान से मारना चाहते हैं। उसकी मारपीट की जा रही है। इसके बाद फोन कट गया। जब वह रात नौ बजे बेटी के घर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। पता चला कि ससुराल वाले संगीता को छतरपुर ले गए हैं। जब वह छतरपुर पहुंचे तो संगीता मृत अवस्था में मिली। मृतका के पिता और भाई धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने ही उसकी बेटी की जहर खिलाकर हत्या की। उधर, थानाध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जााएगी।