रामकोला स्थित त्रिवेणी इंजीनियरिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के महुई बुजुर्ग नंबर एक गन्ना क्रय केंद्र पर 10 दिनों से तौल बंद होने से नाराज किसानों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। किसानों के मुताबिक, 19 नवंबर को 11 ट्रॉली गन्ने की तौल हुई थी, इसके बाद से प्रक्रिया ठप है। करीब 60 ट्रॉली गन्ना वाहनों में लदा खड़ा है और सूखने से किसानों को नुकसान होने की आशंका है। किसानों ने चेतावनी दी कि 24 घंटे में तौल शुरू नहीं हुई तो वे धरने पर बैठेंगे।