कासगंज में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ पाने के लिए जिले के करीब 20 हजार किसान अब भी इंतजार कर रहे हैं। पोर्टल पर करीब 2.30 लाख किसान पंजीकृत हैं, लेकिन लगभग 2.10 लाख किसानों को ही योजना की किस्त मिल रही है। सम्मान निधि से वंचित किसान समस्या का समाधान कराने के लिए कृषि विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि कार्यालय पहुंचने पर कभी तकनीकी दिक्कत तो कभी सर्वर की समस्या बताकर वापस कर दिया जाता है। कई किसान ऐसे हैं जिन्हें पहले किस्तें मिलती रहीं, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। वहीं कुछ किसानों को आवेदन के वर्षों बाद भी योजना का लाभ नहीं मिल सका है।