लगातार बारिश से मकड़ीखेड़ा और आसपास के मोहल्लों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्य मार्ग से लेकर गलियों तक भीषण जलभराव है। पानी में मगरमच्छ और जहरीले सांप तैरते हुए घरों के दरवाजों तक पहुंच रहे हैं। मकड़ीखेड़ा, सरस्वती विहार और गुप्ता सोसाइटी में करीब एक सप्ताह से जलभराव की समस्या है। मंगलवार रात से हुई लगातार बारिश के बाद यहां स्थिति और गंभीर हो गई है। क्षेत्र निवासी अंकिता मिश्रा, प्रियंका सिंह परमार, रमेश श्रीवास्तव, आर्यन सिंह, सोम तिवारी, आलोक यादव आदि ने बताया कि मुख्य मार्ग के अलावा करीब छह गलियां पानी से लबालब हैं। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा मकड़ीखेड़ा नाला जगह-जगह क्षतिग्रस्त है और सफाई भी आधी-अधूरी है। इससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। जलभराव के कारण लोगों ने ड्यूटी और बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। दो परिवार मकानों में ताला लगाकर रिश्तेदारों के यहां शरण ले चुके हैं। जरूरी सामान और सब्जी खरीदने के लिए भी लोग घरों से नहीं निकल पा रहे हैं। विकास सिंह, विनोद, हिमांशु और आशीष ने कहा कि ड्यूटी जाने वाले लोग दूसरी जगह पर बाइक खड़ी कर पैदल घर पहुंचने को मजबूर हैं।