भाई-बहन का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को मनाया जाना है। इसको लेकर नगर में जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो गई है। एक ओर जहां जगह-जगह राखियों की दुकानें सज गई है वहीं मिठाई की दुकानों में भी सजावट शुरू हो गई है। इस बार बुटीक राखियों की धूम है। साथ ही बच्चों वाली राखियां भी बाजार में छाई रही। मंगलवार को नगर के राजधानी मार्ग सब्जी मंडी, पोनीरोड बाजार, बिंदानगर, पोनी बाजार, मिश्रा कालोनी समेत अन्य कई स्थानों पर राखियों की दुकानें सजी रही। जहां खरीददारों की भी भीड़ रही। बहनों ने भाइयों के लिए एक से बढ़कर एक महंगी राखियां खरीदी। राजधानी मार्ग पर दुकान लगाए विक्रेता आशीष गुप्ता, शोनू बाजपेई, विशाल ने बताया कि इस बार बाजार में बुटीक के साथ ही राजस्थानी राखियों की मांग अधिक है। महंगाई का भी कोई खास असर बाजार में देखने को नहीं मिला है। कुछ राखियों के दामों में मामूली सी बढ़त हुई है जिसमें पिछले साल की अपेक्षा दो से तीन रुपये बढ़े हैं। वहीं बच्चों वाली राखियों की भी धूम मची है जिसमें टारजन राखी, मोगली, मुरली, जय गणेशा, मोट-पतलू समेत अन्य कई डिजाइन वाली राखियां बच्चे पसंद कर रहे है। नगर की ज्वेलर्स की दुकानों में भी चांदी की राखी खरीदने के लिए भीड़ देखी जा रही है।