दो दिन से हो रही बारिश से मौसम खराब होने से सरैया आरओबी का काम पूरा होने में बाधा आ रही है। इधर दो दिन से काम नहीं हो पा रहा है। ऐसे में यातायात चालू होने में अभी एक सप्ताह और लग सकता है। जबकि पहले एक नवंबर से आरओबी पर यातायात शुरू करने की बात कही गई थी। हालांकि सेतु निगम की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है। सिर्फ छोटे कार्य होने बाकी है, जिसे दो -तीन दिन में पूरा करने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि लगातार बारिश से नई डामर की सड़क के अंदर पानी पहुंच गया है। इसे सुखाए बिना उस पर से वाहन नहीं निकाले जा सकते हैं। ऐेसा करने पर जगह-जगह सड़क में दरार (क्रेक) आ सकती है। इसे देखते हुए आरओबी पर यातायात चालू करने की तारीख को बढ़ाया गया है। सेतु निगम फिलहाल छूटे काम करा रहा है। इसमें पुल मार्ग पर संकेतक, स्पीड प्वाइंट, स्ट्रीट लाइट लगाने और रंग रोगन का कार्य हो रहा है। रेलवे के हिस्से का कार्य अभी बाकी है। इसमें आरओबी के फुटपाथ से उतरने के लिए अभी जीना नहीं बना है। सेतु निगम के अधिकारी बता रहे हैं कि अब दिन-रात काम कराया जा रहा है। सड़क के दोनों छोर पर 52 स्ट्रीट लाइट के पोल लगाए जा रहे हैं। शनिवार शाम तक 20 पोल लगाए गए हैं। सेतु निगम के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एसके सुमन ने बताया कि पुल चालू करने की तिथि अब उन्नाव के डीएम ही तय करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले एक नवंबर को चालू होने की बात कही गई थी, लेकिन बीच के दो दिन मौसम खराब रहा और काम प्रभावित हुआ। बारिश से पुल पर बनाई गई नई डामरीकृत सड़क की सतह में पानी जाने से उसके अंदर गैस उत्पन्न होती है। ऐसे में ताजी बनी सड़क पर इन परिस्थितियों में वाहन नहीं दौड़ाए जा सकते हैं। मौसम खुलने पर जब सड़क पर धूप पड़ेगी तो गैस वाष्प बनकर निकल जाएगी। इसके बाद वाहन चलाना सुरक्षित होगा। उम्मीद है कि सप्ताह भर में पुल चालू होगा।