कानपुर के ऐतिहासिक सरसैया घाट पर पितृ पक्ष की मातृ नवमी के अवसर पर युग दधीचि देहदान संस्थान द्वारा एक अनोखे और भावुक तर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने अपने पूर्वजों व दिवंगत पितरों के साथ-साथ कोख में ही दम तोड़ चुकीं अजन्मी बेटियों (कन्या भ्रूण हत्या का शिकार हुई बालिकाओं) की आत्मा की शांति के लिए महातर्पण किया। संस्थान की इस सामाजिक व आध्यात्मिक पहल ने समाज में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ एक मजबूत संदेश दिया है।