तहसील क्षेत्र में बीते 36 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने आम और खास सभी को प्रभावित किया है। शनिवार पूरे दिन सभी प्रमुख बजारों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवक बेहद कम रही। लगातार बारिश के कारण सर्वाधिक नुकसान अगेती फसल बोने वाले धान किसानों को होने की आशंका है। वहीं कई ग्रामीण इलाकों में जल निकासी की नालियां चोक हो जाने से जलभराव की भी सूचना है, जबकि लगातार बारिश के कारण बिजली फाल्ट के कारण कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना है। अरौल, इलियासपुर, मकनपुर, विषधन, ककवन और औरोंताहरपुर, उत्तरीपुरा, शिवराजपुर, नदीहा, सखरेज, चौबेपुर आदि इलाकों में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जहां पानी भर गया है, वहीं बिजली न आने से लोग पेयजल की समस्या से भी परेशान हैं। मोबाइल चार्ज होने से ग्रामीणों का संपर्क अपने सगे संबंधियों से टूट गया है। उत्तरीपुरा के कई मोहल्लों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण कई गलियों में जलभराव होने से लोग घरों में ही दुबकने को मजबूर हैं। यही हाल नगर पालिका बिल्हौर और शिवराजपुर नगर पंचायत के कई मोहल्लों का भी है जहां पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण कई मोहल्ला की कई गलियों में जल भराव लगातार बना हुआ है।